तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढनढन में एक महिला को टोनही बताकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 5 अप्रैल को तखतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उसे लगातार टोनही कहकर अपमानित किया जा रहा था और उसके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की जा रही थी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे वह भय और तनाव में जीवन जीने को मजबूर थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 के तहत अपराध दर्ज किया।


पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम ढनढन निवासी देवेन्द्र बघेल और सुमित्रा बाई बघेल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी विवेक कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को पुलिस ने सामाजिक कुरीति के खिलाफ सख्त कदम बताया है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अंधविश्वास या टोनही जैसे आरोप लगाकर प्रताड़ित करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है। पीड़िता ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़िता को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाएगी और भविष्य में किसी प्रकार की घटना न हो इसके लिए निगरानी रखी जाएगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *