
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी से परेशान लोगों को आज फिर राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम बदला हुआ है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
दुर्ग सबसे गर्म, रायपुर में बादल और बौछारों के आसार

बीते 24 घंटों में दुर्ग में सबसे अधिक तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती है तेज हवा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज कुछ क्षेत्रों में तेज हवा (40-50 किमी प्रति घंटे), बिजली चमकने और ओले गिरने की संभावना है। इससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
द्रोणिका और चक्रवातीय परिसंचरण का असर, बने रहेंगे मौसम के उतार-चढ़ाव
वर्तमान मौसम प्रणाली के अनुसार, एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश से तमिलनाडु तक फैली हुई है, जिससे छत्तीसगढ़ में उपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके कारण हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है।
नागरिकों को सलाह – सावधानी बरतें, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिजली गिरने या तेज आंधी-बारिश के समय घरों में सुरक्षित रहें और मौसम से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक अपडेट्स पर नजर रखें।
