रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से मौसम लगातार करवट ले रहा है। कभी ठंड तेज हो रही है तो कभी तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसी कड़ी में मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों को अगले 48 घंटों तक ठंड से आंशिक राहत मिलने का अनुमान जताया है।
रात के तापमान में होगी बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि, इसके बाद उत्तरी छत्तीसगढ़ में हल्की ठंड दोबारा लौटने की संभावना जताई गई है। फिलहाल प्रदेश में कोई बड़ा मौसमी बदलाव नहीं दिख रहा है।
पिछले 24 घंटे का मौसम हाल
बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना रहा।
-
सबसे अधिक तापमान: दुर्ग में 30.8°C
-
सबसे कम न्यूनतम तापमान: अंबिकापुर में 6.3°C दर्ज किया गया
सक्रिय सिनोप्टिक सिस्टम का असर
वर्तमान में प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाले दो प्रमुख सिनोप्टिक सिस्टम सक्रिय हैं।
-
एक पश्चिमी विक्षोभ, जो मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में द्रोणिका के रूप में मौजूद है
-
वहीं, पूर्वोत्तर क्षेत्र में उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम लगभग 12.6 किमी की ऊंचाई पर 110 नॉट की रफ्तार से बह रही है
इन्हीं कारणों से तापमान में यह उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
रायपुर में आज का मौसम कैसा रहेगा?
राजधानी रायपुर में आज सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है।
-
अधिकतम तापमान: लगभग 30°C
-
न्यूनतम तापमान: करीब 16°C रहने की संभावना है
दिन में हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है, जबकि रातें अभी भी ठंडी रहेंगी।