
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है कि प्रदेश के कई जिलों में आज गरज-चमक, तेज हवा और हल्की वर्षा होने की संभावना है। आने वाले दिनों में तापमान में भी 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
दुर्ग बना प्रदेश का सबसे गर्म जिला, 38.6°C पहुंचा तापमान

बुधवार को दुर्ग जिले में 38.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। इसके अलावा, अन्य जिलों में भी गर्मी धीरे-धीरे तेज होती जा रही है।
बीते 24 घंटे में ओलावृष्टि और बारिश से मौसम हुआ सुहावना
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि, वज्रपात और मध्यम बारिश हुई है, जिससे वहां के तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है और मौसम सुहावना हुआ है।
मौसम में बदलाव की बड़ी वजह – द्रोणिका और चक्रीय परिसंचरण
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में कई द्रोणिकाएं और चक्रीय परिसंचरण सक्रिय हैं:
-
सिक्किम से उत्तर उड़ीसा तक फैली द्रोणिका (3.1 से 5.8 किमी ऊंचाई तक)
-
पूर्वी मध्य प्रदेश से पश्चिम बंगाल तक, छत्तीसगढ़ होते हुए एक द्रोणिका (1.5 किमी ऊंचाई पर)
-
पूर्वी मध्य प्रदेश से दक्षिण कर्नाटक तक दूसरी द्रोणिका सक्रिय
-
साथ ही 1.5 किमी ऊंचाई पर चक्रीय परिसंचरण भी मौजूद
इन सिस्टम्स के कारण प्रदेश में मौसम में अस्थिरता बनी हुई है।
रायपुर में रहेगा आंशिक बदली, तापमान 39°C तक जाने की संभावना
रायपुर में दिनभर आकाश साफ रहने के आसार हैं, जबकि दोपहर व शाम को हल्के बादल छा सकते हैं।
-
अधिकतम तापमान: 39°C
-
न्यूनतम तापमान: 23°C
