जिले में श्रमिकों को शासन की योजनाओं का लाभ सीधे गांव स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए श्रम विभाग द्वारा विशेष मोबाइल शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में श्रम पदाधिकारी कार्यालय द्वारा विस्तृत आदेश जारी कर अप्रैल 2026 के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी गई है।

जारी आदेश के अनुसार इन शिविरों में श्रमिकों का पंजीयन, नवीनीकरण, संशोधन के साथ-साथ ई-श्रम, श्रम योगी मानधन पेंशन योजना एवं प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। यह शिविर ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक श्रमिकों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके।


कार्यक्रम के तहत 10 अप्रैल 2026 से 28 अप्रैल 2026 तक मनेंद्रगढ़, खड़गवां और भरतपुर विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। मनेंद्रगढ़ विकासखंड में बंजी, सेमरा और बौरिडांड, खड़गवां में महात्मा गांधी वार्ड, हल्दीबाड़ी सहित अन्य स्थानों तथा भरतपुर विकासखंड में जनुवा, पुंजी, सिंगरौली और कुंवारी में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों में श्रम कल्याण निरीक्षक, डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, जो शिविर स्थल पर उपस्थित रहकर श्रमिकों के आवेदन प्राप्त करेंगे और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे। श्रम विभाग ने निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय प्रातः 10 बजे शिविर स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। शिविर से पूर्व संबंधित क्षेत्रों में मुनादी कर अधिक से अधिक श्रमिकों को जानकारी देने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *