
रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अमानक खाद-बीज और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले में छापेमारी के आदेश दिए। इसी क्रम में उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल ने कोटा और बिल्हा विकासखंड में छापामार कार्रवाई की।
कई केंद्रों पर अनियमितताएं, नोटिस जारी – 1 पर लाइसेंस निलंबित
अचानक हुए निरीक्षण में आधा दर्जन से ज्यादा केंद्रों पर अनियमितताएं पाई गईं।

-
किसान सेवा केंद्र, तखतपुर का जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर 15 दिनों के लिए लाइसेंस निलंबित किया गया।
-
उन्नत कृषि केंद्र, रतनपुर द्वारा बिना बिल खाद विक्रय पर नोटिस जारी।
-
शेखर कृषि केंद्र, कोनचरा द्वारा बिना वैध IFMS ID के उर्वरक बिक्री पर स्टॉक ज़ब्त और बिक्री प्रतिबंध।
-
अतुल कृषि केंद्र, कोनचरा का गोदाम अनियमितता के चलते सील किया गया।
-
राघवेन्द्र देवांगन, मदनपुर (बिल्हा) द्वारा नियमों के उल्लंघन पर विक्रय पर रोक लगाकर स्पष्टीकरण मांगा गया।
इन सभी केंद्रों को 7 दिनों में जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुज्ञप्ति निरस्तीकरण की कार्रवाई होगी।
निरीक्षण टीम में कौन-कौन थे शामिल?
निरीक्षण में शामिल अधिकारियों में शामिल थे:
-
अनिल कुमार शुक्ला (सहायक संचालक कृषि)
-
खेमराज शर्मा, विजय धीरज (ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी)
-
दिलीप रात्रे (कोटा), आर.जी. भानू और उर्वरक निरीक्षक श्री मारू
बिना POS मशीन नहीं होगा खाद विक्रय
कलेक्टर कार्यालय ने सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी उर्वरक विक्रेता अब बिना POS मशीन के खाद नहीं बेच सकता। सभी विक्रेताओं को POS मशीन की मांग हेतु अपने क्षेत्रीय कृषि विकास अधिकारी या उप संचालक कृषि कार्यालय, बिलासपुर से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
