CG News: भाजपा नेता के घर पेट्रोल डालकर लगाई आग, बड़ा हादसा टला, जांच में जुटी पुलिस...

गौरेला। छत्तीसगढ़ के गौरेला में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंगली बाजार इलाके में अज्ञात बदमाश ने भाजपा नेता और पेशे से वकील आशुतोष मिश्रा के घर के मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। हालांकि समय रहते परिवार के लोग जाग गए और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

देर रात दिया गया घटना को अंजाम

जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात अज्ञात व्यक्ति मंगली बाजार स्थित आशुतोष मिश्रा के घर के बाहर पहुंचा और मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं और घर के अंदर धुआं भर गया।

धुआं फैलने के कारण घर में सो रहे परिवार के सदस्य जाग गए। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की मदद से जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया।

घर का दरवाजा और सामान जलकर खाक

इस घटना में घर का मुख्य दरवाजा, चौखट और पर्दे जलकर पूरी तरह खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में भाजपा नेता और उनके परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि घर के पास के कमरे में एक बाइक भी खड़ी थी। अगर आग वहां तक पहुंच जाती तो बाइक के पेट्रोल के कारण आग और तेजी से फैल सकती थी।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना के बाद परिवार और पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति घर के दरवाजे पर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है।

इसके अलावा घर के चबूतरे पर पत्थर के नीचे से एक धमकी भरा पत्र मिलने की भी जानकारी सामने आई है, जिससे मामले को और गंभीर माना जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *