अस्पताल के बर्न वार्ड में हुई दुखद घटना
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला अस्पताल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
राइस मिल में काम करती थी युवती
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोंडागांव निवासी दशमती नेताम (20 वर्ष) धमतरी के बस स्टैंड के पीछे स्थित हरिओम राइस मिल में काम करती थी। कुछ दिन पहले वह अपने कमरे में खाना बनाते समय आग की चपेट में आ गई, जिससे उसका चेहरा और शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया था। इसके बाद उसे इलाज के लिए धमतरी जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया था।
बाथरूम में दुपट्टे से लगाई फांसी
बताया जा रहा है कि युवती पिछले एक दिन से अस्पताल में भर्ती थी और उसका इलाज चल रहा था। इसी दौरान वह बाथरूम जाने की बात कहकर वार्ड से बाहर निकली। कुछ देर बाद जब वह वापस नहीं लौटी तो स्टाफ ने तलाश की।
जांच करने पर पता चला कि युवती ने महिला प्रसाधन कक्ष में अपने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल के कर्मचारियों और मरीजों के परिजनों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और युवती को फंदे से नीचे उतारकर आगे की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने दिए जांच के निर्देश
इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। सीएचएमओ डॉ. उत्तम कौशिक, सिविल सर्जन डॉ. अरुण टोनडर और धमतरी सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।
युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इस घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं।