अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सीतापुर स्थित धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक दिनेश गुप्ता ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उनका शव घर के भीतर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
केरजू धान खरीदी केंद्र में थे पदस्थ
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक दिनेश गुप्ता सीतापुर क्षेत्र के केरजू धान खरीदी केंद्र में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। घटना के समय वे अपने घर में अकेले थे। शुक्रवार रात उनकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं बताई जा रही है।
देर रात घर लौटने के बाद उठाया खौफनाक कदम
सूत्रों के अनुसार दिनेश गुप्ता रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच घर लौटे थे। इसके कुछ समय बाद उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी तब लगी, जब सुबह घर के अंदर उनका शव फांसी पर लटका मिला।
लेन-देन से जुड़ा मामला भी आया सामने
मामले में पैसों के लेन-देन से जुड़ी कुछ चर्चाएं भी सामने आ रही हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच के दौरान सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की गई और फिर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी।
इलाके में शोक और चर्चा का माहौल
इस घटना के बाद धान खरीदी केंद्र से जुड़े कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में शोक के साथ-साथ कई सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस मामले से जुड़े हर तथ्य की बारीकी से पड़ताल कर रही है।