CG-दिल दहला देने वाली वारदात: अपहरण के बाद युवक की पीट-पीटकर बेरहमी हत्या, इलाके में फैली सनसनी

छत्तीसगढ़ के तखतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेला नगर पंचायत में एक युवक के अपहरण के बाद उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

गंभीर हालत में घर के पास फेंका गया युवक

जानकारी के अनुसार, युवक का दोपहर में अपहरण कर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। शाम करीब 5 बजे उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसके घर के पास फेंक दिया गया। परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि

मृतक की पहचान राजकुमार धुरी (21 वर्ष) पिता बेनीराम, निवासी बरेला नगर पंचायत के रूप में हुई है। राजकुमार एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखता था और ट्रैक्टर मालिक के यहां काम करता था।

पुराने मकान विवाद में हत्या की आशंका

मृतक के परिजनों ने बरेला निवासी एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि उक्त व्यक्ति लंबे समय से उनके मकान को जबरन बिकवाने का दबाव बना रहा था। मकान न बेचने पर परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही थीं। परिजनों के अनुसार, इसी विवाद के चलते संदिग्ध व्यक्ति का बेटा, एक महिला और उनके साथी पहले भी राजकुमार को तलाशते हुए रिश्तेदारों के यहां पहुंचे थे।

बिलासपुर बैंक से हुआ अपहरण

घटना के दिन राजकुमार अपने ट्रैक्टर मालिक के साथ बिलासपुर स्थित पंजाब बैंक गया था। दोपहर करीब 3 बजे, बैंक से बाहर निकलते समय 4–5 लोगों ने उसे जबरन कार में बैठाया और फरार हो गए। इसकी जानकारी ट्रैक्टर मालिक ने बाद में राजकुमार के पिता को दी।

थाने में नहीं दर्ज हुई तत्काल रिपोर्ट

परिजनों का आरोप है कि अपहरण की सूचना लेकर जब वे जरहागांव थाने पहुंचे, तो पुलिस ने पूरी जानकारी स्पष्ट न होने का हवाला देकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसी बीच घर लौटने पर राजकुमार बरामदे में दर्द से कराहते हुए उल्टी करता मिला, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलते ही तखतपुर पुलिस ने जीरो में अपराध दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *