
रायपुर। छत्तीसगढ़ में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) की अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस ने एक बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक 27 मई, मंगलवार को रायपुर के RTO कार्यालय का घेराव करेंगे। इस घेराव में नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक बड़ा समूह शामिल होगा, जो नंबर प्लेट लगाने में हो रही परेशानियों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
कांग्रेस का विरोध और समस्याओं का समाधान
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि, “हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने की प्रक्रिया में जिन असमर्थताओं का सामना किया जा रहा है, वे रायपुर जिले के लाखों वाहन मालिकों के लिए कठिनाई का कारण बन चुकी हैं।” उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में करीब 40 लाख वाहन जिनमें से रायपुर जिले में 10 लाख वाहनों में HSRP लगनी है, लेकिन अभी तक केवल 10 प्रतिशत ही कार्य पूरा हो पाया है। वहीं, वाहन मालिकों में चालान का डर बढ़ता जा रहा है।

RTO केंद्रों में अव्यवस्था और समस्याएं
कांग्रेस नेताओं ने HSRP केंद्रों में बढ़ती अव्यवस्था को लेकर आरोप लगाए। उनका कहना था कि केंद्रों में कर्मचारियों की कमी, कवर की जबरन बिक्री, अपमानजनक व्यवहार, और समय पर नंबर प्लेट की उपलब्धता नहीं हो पा रही है, जिससे जनता को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने निम्नलिखित मांगों के साथ इस आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया:
-
नंबर प्लेट केंद्रों पर शासकीय कर्मचारियों की ड्यूटी अनिवार्य की जाए।
-
कवर की अनिवार्य खरीद को रोका जाए।
-
वाहन मालिकों को उनके निर्धारित समय पर नंबर प्लेट उपलब्ध कराई जाए।
-
ट्रैफिक पुलिस द्वारा की जा रही चालानी कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।
-
वाहन मालिकों के साथ अपमानजनक व्यवहार को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
विकास उपाध्याय का बयान
पूर्व राष्ट्रीय सचिव AICC और रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, “परिवहन विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। सरकार को तत्काल इस व्यवस्था में सुधार लाना चाहिए।”
27 मई को RTO कार्यालय का घेराव
कांग्रेस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनहित आंदोलन में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करें। वे 27 मई को प्रातः 11 बजे RTO कार्यालय (रावाभाठा-भनपुरी, बंजारी माता मंदिर के सामने) में आयोजित घेराव प्रदर्शन में हिस्सा लें और सरकार से व्यवस्था में सुधार की मांग करें।
