रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। फाफाडीह स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे नाले के पास मिले युवक के शव के मामले में मृतक का दोस्त ही उसका हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
नाले के पास मिला था युवक का शव
पुलिस को 5 मार्च की सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि फाफाडीह के खारुन विहार इलाके में रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे नाले के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मध्य जोन डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, कोतवाली एसीपी, गंज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पहचान राजा साहू के रूप में हुई
जांच के दौरान मृतक की पहचान राजा साहू (25 वर्ष) निवासी चुनाभट्ठी, थाना गंज क्षेत्र के रूप में की गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजा सुबह करीब 8 बजे एक परिचित युवक के साथ घर से निकला था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला।
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाकों और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि चुनाभट्ठी निवासी बिट्टू यादव (19 वर्ष) राजा साहू के साथ जाते हुए दिखाई दिया था और वह घटनास्थल के आसपास भी मौजूद था।
इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पैसों के विवाद में की हत्या
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी बिट्टू यादव ने बताया कि वह और राजा साहू अक्सर साथ घूमते थे। कुछ दिन पहले बिट्टू की गाड़ी में हुई टूट-फूट का पैसा वह राजा से मांग रहा था। कई बार मांगने के बावजूद पैसा नहीं मिलने से वह नाराज था।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और गुस्से में आकर आरोपी ने राजा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
12 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला
डीसीपी सेंट्रल जोन के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अलग-अलग टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।