
भिलाई, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली पारिवारिक वारदात सामने आई है। भिलाई के सुभाष नगर स्थित दलबीर भवन के सामने नंदनी रोड पर एक युवक ने जमीन विवाद के चलते अपने सगे भाई की निर्मम हत्या कर दी। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैला रही है।
जमीन विवाद बना खून का कारण, टंगिया से किया सिर पर वार
पुलिस के अनुसार, 10 जून 2025 की रात लगभग 8:30 बजे, दो भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद इस कदर बढ़ गया कि राज उर्फ राजेश सिंह (उम्र 48 वर्ष) ने अपने भाई महेन्द्र कुमार सिंह पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में महेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त मृतक का बेटा वंशुल सिंह (उम्र 18 वर्ष) भी घर में मौजूद था, जिसने फौरन पुलिस को सूचना दी।

FIR दर्ज, आरोपी गिरफ्तार, जुर्म कबूल
थाना छावनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 296/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी नवी मोनिका पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी राजेश सिंह को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जमीन विवाद के चलते हत्या करने की बात स्वीकार की।
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
इस संपूर्ण कार्रवाई में सउनि विनय कुमार रजक, प्रधान आरक्षक विजय शुक्ला, उमेश गंगराले, आरक्षक तालेन्द्र चंद्राकर, धर्मेंद्र सिंह, आकाश तिवारी और नितिन सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
पारिवारिक रिश्तों की भयावह टूटन
पुलिस ने कहा कि यह मामला दर्शाता है कि कैसे आपसी रंजिश और जमीनी विवाद पारिवारिक रिश्तों को खत्म कर देते हैं। भाई ने अपने ही खून का खात्मा कर एक जघन्य अपराध को अंजाम दिया है। इस घटना की विस्तृत जांच जारी है।
