बीजापुर | छत्तीसगढ़/ छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में स्थित नेशनल पार्क क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। शनिवार, 17 जनवरी 2026 को चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने दो और वर्दीधारी माओवादी कैडरों के शव बरामद किए हैं। इसके साथ ही इस मुठभेड़ में अब तक कुल 6 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें 4 महिला माओवादी शामिल हैं।
सर्च ऑपरेशन में INSAS और .303 राइफल बरामद
पुलिस के अनुसार, ताजा सर्चिंग के दौरान मृत नक्सलियों के पास से
-
एक INSAS राइफल
-
एक .303 राइफल
बरामद की गई है। मुठभेड़ स्थल से अब तक AK-47, INSAS, कार्बाइन और .303 राइफल सहित कुल 6 ग्रेडेड हथियार जब्त किए जा चुके हैं, जो माओवादियों की भारी सशस्त्र मौजूदगी को दर्शाता है।
DRG, COBRA और STF की संयुक्त कार्रवाई
बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि
17 जनवरी 2026 से नेशनल पार्क क्षेत्र में
-
डीआरजी (DRG)
-
कोबरा (COBRA)
-
एसटीएफ (STF)
की संयुक्त टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कई बार रुक-रुक कर मुठभेड़ हुई।
मारे गए नक्सलियों की पहचान, बड़े कैडर ढेर
पहचान की प्रक्रिया में मृत नक्सलियों की पुष्टि नेशनल पार्क एरिया कमेटी के कुख्यात माओवादी कैडरों के रूप में हुई है। अब तक जिनकी पहचान हुई है, उनमें शामिल हैं—
-
DVCM दिलीप बेड़जा
-
ACM माड़वी कोसा
-
ACM लक्खी मड़काम
-
पार्टी मेंबर राधा मेट्टा
वहीं, दो अन्य माओवादियों की पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है।
IG बस्तर का बयान: निर्णायक कार्रवाई जारी रहेगी
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और जनकल्याण सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सशस्त्र माओवादियों के खिलाफ सटीक, पेशेवर और निर्णायक अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
जंगलों में सघन सर्चिंग जारी
फिलहाल मुठभेड़ क्षेत्र से सटे जंगलों और पहाड़ी इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित माओवादी गतिविधि को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।