दरअसल, मई 2023 में राजस्थान प्रतापगढ़ के कोतवाली थाने में कुछ लोगों ने मृगांक मिश्रा के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि सरकारी योजना के नाम पर मृगांक ने प्रतापगढ़ के लोगों को रुपए का लालच देकर कई के नाम पर खाता खुलवाया था। साथ ही उनके नाम से सिम कार्ड भी जारी करवाया। इस दौरान खाताधारकों को बैंक की ओर से जानकारी मिली कि उनके खातों से करोड़ों रुपयों का लेनदेन किया गया है। लोगों ने सोचा जब उन्होंने अपने खातों से रुपयों का लेनदेन किया ही नहीं तो खातों को कौन ऑपरेटर कर रहा है। इस बात की शिकायत उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को की। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी मृगांक मिश्रा ही खातों में करोड़ों रुपयों का लेनदेन कर रहा है।

इधर जैसे ही इसकी भनक मृगांक को हुई तो वो फरार हो गया। पुलिस ने उसके घर मध्यप्रदेश के रतलाम और मुम्बई स्थित फ्लैट में आक्टा केस्ट बिल्डिंग लोखंडवाला कांदिवली में छापेमारी की, लेकिन वो नहीं मिला। इस दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी दुबई भाग गया है और यहीं से महादेव ऐप का संचालन कर रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया था। पिछले छह माह से राजस्थान पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इस दौरान राजस्थान पुलिस को पता चला कि आरोपी 14 अक्टूबर को दुबई से भारत आएगा। आरोपी रविवार को जैसे ही मुम्बई छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट पहुंच वैसे ही पुलिस ने उसे धरदबोचा। पुलिस ने मृगांक को 21 अक्टूबर तक रिमांड पर लिया है।

बता दें, इस मामले में पहले भी प्रतापगढ़ पुलिस ने चार आरोपी संजय निवासी रठांजना, शुभम निवासी भटपुरा, रुद्राक्ष त्रिवेदी बाहुबली कॉलोनी प्रतापगढ़ और अमन सोनी रतलाम निवासी को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने पूछताछ में अपने मुख्य सरगना रतलाम निवासी मृगांक मिश्रा के बारे में जानकारी दी थी। आरोपियों के कब्जे से 20 से ज्यादा डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड जब्त किया गया था।

राजस्थान पुलिस ने इस प्रकरण में 90 खातों का पता लगाया था, जिसमे से 68 खातों को फ्रीज कर 3 करोड़ 88 लाख की राशि होल्ड कार्रवाई गई। प्रतापगढ़ एसपी अमित कुमार ने मीडिया को बताया, मृगांक दुबई में रहकर महादेव ऑनलाइन ग्रुप का संचालन कर रहा था। दुबई में बैठकर भारत मे अपने साथियों के साथ सट्टेबाजी का कार्य कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया था। आरोपी का सट्टा किंग सौरभ चन्द्राकर से क्या कुछ संबंध है, इसके बारे में पूछताछ जारी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *