पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन का आगाज होने से पहले ही उनको कई बड़े झटके लगातार लगते हुए देखने को मिल रहे हैं, जिसमें अब बांग्लादेश के खिलाड़ी जिनको इस टी20 लीग में हिस्सा लेना था, उनके खेलने को लेकर अब मामला अधर में दिख रहा है।
पीएसएल 2026 सीजन की शुरुआत 26 मार्च से होनी है, जिसमें 6 खिलाड़ियों को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की तरफ से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया था, लेकिन अब इन सभी खिलाड़ियों को बांग्लादेश सरकार की तरफ से अनुमति मिलने के बाद ही पीएसएल में हिस्सा लेने दिया जाएगा।
सरकार की मंजूरी पर अटका अब पूरा मामला
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी तनाव के चलते इसका असर पाकिस्तानी सुपर लीग के 11वें सीजन में भी देखने को मिल रहा है, जिसमें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जहां अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान ना जाने की सलाह दी है। वहीं अब बांग्लादेश के खिलाड़ी मौजूदा क्षेत्रीय टेंशन को देखते हुए बांग्लादेश सरकार से अनुमति मिलने के बाद ही पीएसएल में हिस्सा ले पाएंगे।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने 6 खिलाड़ियों मुस्तफिजुर रहमान, परवेज हुसैन एमोन, शोरिफुल इस्लाम, नाहिद राणा, तंजीद हसन तमीम और रिशाद हुसैन को पहले ही नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट दे दिए गए थे। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट ऑपरेशंस के चेयरमैन नजमुल अबेदीन ने क्रिकबज को दिए अपने बयान में बताया कि बेशक हम PSL के लिए अपने क्रिकेटरों को भेजने से पहले सरकार से अनुमति लेंगे।
सामान्य परिस्थितियों में इन चीजों की जरूरत नहीं होती। हम मंज़ूरी देते हैं और वे जाते हैं खेलते हैं और लौट आते हैं। लेकिन ये स्थिति सामान्य नहीं है और खिलाड़ियों के संबंध में हम किसी तरह का कोई जोखिम नहीं लेना चाहते हैं। इसलिए जाहिर है कि हम इस पर सरकार के साथ चर्चा करेंगे।
हमारी सरकार का जो फैसला होगा उसे मानेंगे
नजमुल अबेदीन ने अपने बयान में आगे कहा कि हमने अब अपनी सरकार पर छोड़ दिया है कि वह ये फैसला करेंगे कि हमें अपने खिलाड़ियों को इस परिस्थिति में पाकिस्तान भेजना चाहिए या नहीं। उनका जो भी आदेश आएगा हम उसी अनुसार आगे बढ़ेंगे। बता दें कि पाकिस्तानी सुपर लीग के 11वें सीजन का आगाज होने से पहले ही कई विदेशी खिलाड़ियों ने पाकिस्तान जाने से मना कर दिया, जिसमें कुछ अपना नाम भी वापस ले चुके हैं।