Gujrat [ News T20 ] | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ एक और स्टिंग जारी करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घेरने की कोशिश की है। भाजपा का कहना है कि रोहिणी वार्ड 54 से टिकट की दावेदार आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता बिंदु श्रीराम ने यह स्टिंग ऑपरेशन किया है। टिकट के बदले ‘आप’ नेताओं ने 80 लाख रुपए की मांग की थी। बिंदु ने पूरी बातचीत को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया है। हालांकि,इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

भाजपा प्रवक्ता सबित पात्रा ने बिंदु श्रीराम के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मीडिया के सामने कथित स्टिंग दिखाया। बताया गया है कि खुद बिंदु श्रीराम ने इन्हें अपने कैमरे में कैद किया और एकमुश्त पैसे ना दे पाने की वजह से जब उन्हें टिकट नहीं मिला तो वीडियो भाजपा को सौंप दिया। पात्रा ने बताया कि बिंदु कांग्रेस की पूर्व नेता हैं और करीब दो साल पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुईं थीं। पात्रा ने कहा कि बिंदु से 80 लाख रुपए की डिमांड की गई थी।

संबित पात्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने ही लोगों से कहा था कि जहां भी भ्रष्टाचार हो रहा हो उसका स्टिंग कर लीजिए। बिंदु जी ने अरविंद केजरीवाल की सलाह मानी जो उन्होंने स्टिंग के लिए दी थी। बिंदु जी ने भी ऐसे ही जाल बिछाया जिसमें केजरीवाल के एक से एक दिग्गज फंस गए। पात्रा ने आप नेता पुनीत गोयल, आरआर पठानिया, दिनेश श्रॉफ आदि का नाम लिया। उन्होंने गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, आतिशी मार्निला, आदिल खानकी कमेटी का भी जिक्र किया।

बिंदु श्रीराम ने भी आम आदमी पार्टी पर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा, ”यह छोटा मोटा गैंग नहीं है। यह चोरों की बारात है, जिसका दूल्हा अरविंद केजरीवाल है। एमसीडी में सरकार बनाने का दावा करते हुए ये जमीनी कार्यकर्ता से मेहनत कराते हैं और धनवान को टिकट बेच देते हैं। इन्होंने कई जगहों से पैसे बटोरे हैं। वे लोग अब रो रहे हैं।” बिंदु ने दिल्ली और गुजरात की जनता से आम आदमी पार्टी को वोट ना देने की अपील की। उन्होंने गुजराती में गुजरात के मतदाताओं से कहा कि जो टिकट बेच सकता है वह गुजरात को भी बेच सकता है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *