रायपुर: रायपुर नगर निगम में लंबे समय से चल रहे विपक्षी नेतृत्व के विवाद पर आखिरकार विराम लग गया है। नगर निगम प्रशासन ने आकाश तिवारी को नया नेता प्रतिपक्ष (Leader of Opposition) नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संदीप साहू की जगह की गई है।
सभापति सूर्यकांत राठौर ने जारी किया आदेश
नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौर ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए यह नियुक्ति की पुष्टि की है। जारी पत्र में कहा गया है कि “शहर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर (छ.ग.) के पत्र दिनांक 01.09.2025” के आधार पर आकाश तिवारी, पार्षद वार्ड क्रमांक-34, को रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के रूप में अभिनियुक्त किया जाता है।

10 महीनों से चल रहा था मतभेद
गौरतलब है कि बीते 10 महीनों से विपक्ष के नेता के चयन को लेकर मतभेद चल रहा था। कांग्रेस पार्षद दल के भीतर इस पद को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। अब आकाश तिवारी के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई, जिसके बाद निगम प्रशासन ने औपचारिक आदेश जारी कर दिया।
राजनीतिक हलकों में नई हलचल
नगर निगम में विपक्ष के नए चेहरे के रूप में आकाश तिवारी की नियुक्ति से राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि तिवारी के नेतृत्व में विपक्ष अब ज्यादा सक्रिय भूमिका निभाएगा और निगम के कार्यों पर तेज निगरानी रखेगा।