कोरबा में अलाव तापते समय हादसा: महिला के कपड़ों में लगी आग, बचाने आया युवक भी झुलसा...

कोरबा | स्थानीय समाचार कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा नगर बस्ती में ठंड से बचने के लिए अलाव तापते समय दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में एक युवक भी आग की चपेट में आ गया।

बात करते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय रूबी देवी अपने घर के पास अन्य लोगों के साथ अलाव ताप रही थीं। इसी दौरान वे फूलबाई नामक महिला से बातचीत कर रही थीं। अचानक पीछे हटने के दौरान उनके कपड़े अलाव की आग के संपर्क में आ गए और कपड़ों ने आग पकड़ ली

लोगों ने दिखाई तत्परता, कंबल और पानी से बुझाई आग

आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कंबल और पानी की मदद से आग बुझाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन तब तक महिला काफी हद तक झुलस चुकी थीं।

बचाने आया युवक भी झुलसा

महिला को बचाने के लिए आगे आए जगदीश कुमार नामक युवक भी आग की चपेट में आ गया। जगदीश ने बताया कि वह कुछ दूरी पर खड़ा था और आग देखकर तुरंत कंबल लेकर दौड़ा। आग बुझाने के दौरान उनके हाथ झुलस गए

अस्पताल में भर्ती, निजी अस्पताल किया गया रेफर

घटना के बाद दोनों घायलों को शासकीय रानी धनराज कुंवर उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पति काम पर थे, सूचना मिलते ही पहुंचे अस्पताल

रूबी देवी के पति लक्ष्मण कुमार ने बताया कि घटना के समय वे काम से बाहर थे। सूचना मिलते ही वे तत्काल अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी पत्नी को रेफर किया जा चुका था।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *