होटल में मारपीट के बाद इलाज के दौरान मौत, एक आरोपी हिरासत में
दुर्ग। पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सुपेला थाना से मर्ग डायरी मिलने के बाद खुला हत्या का मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 जनवरी 2026 को थाना सुपेला से मर्ग क्रमांक 0/2026 (धारा 194 बीएनएसएस) की मर्ग डायरी प्राप्त हुई थी। मृतक ऋषि निर्मलकर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के पिता एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए।
होटल 36 इन में हुआ था विवाद, हाथ-मुक्कों से की गई थी मारपीट
जांच में सामने आया कि 24 जनवरी 2026 को होटल 36 इन, इंदिरा मार्केट, दुर्ग में मृतक ऋषि निर्मलकर के साथ आरोपियों ने पुराने पैसों की वसूली को लेकर विवाद किया। विवाद के दौरान आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से गंभीर मारपीट की, जिससे ऋषि को गंभीर चोटें आईं। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
PM रिपोर्ट और डेथ समरी से पुष्टि, हत्या का मामला दर्ज
मर्ग पंचनामा, गवाहों के बयान, शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्पर्श अस्पताल की डेथ समरी के अवलोकन से यह स्पष्ट हुआ कि मृतक की मौत मारपीट से लगी चोटों के कारण हुई। प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 48/2026, धारा 103 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
एक आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रशांत राव पिता लक्ष्मण राव को हिरासत में ले लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। प्रकरण वर्तमान में विवेचनाधीन है।
दुर्ग पुलिस का बयान
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।