दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। महिला कांग्रेस की एक कार्यकर्ता ने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है।
पीड़िता की पहचान: शबाना निशा उर्फ रानी
घटना में घायल महिला की पहचान शबाना निशा उर्फ रानी (उम्र 37 वर्ष) के रूप में हुई है। वह दुर्ग के पचरीपारा इलाके में किराए के मकान में रह रही थी। इस दर्दनाक घटना में वह करीब 95 प्रतिशत तक झुलस गई है। फिलहाल उसे रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मकान खाली कराने पहुंची टीम के सामने उठाया खौफनाक कदम
पीड़िता के मामा लियाकत अली के अनुसार, शबाना चाहती थी कि वह जिस मकान में वर्षों से रह रही है, उसे मकान मालिक बेच दे ताकि वह वहीं रह सके।
लेकिन कोर्ट के आदेश पर जब पुलिस और कोर्ट स्टाफ मकान खाली कराने पहुंचे, उसी दौरान शबाना ने उनके सामने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली।
आग की लपटों में घिरी महिला, लोगों ने चादर से बुझाई आग
आत्मदाह की कोशिश के बाद शबाना आग की लपटों में घिरी हुई घर से बाहर निकल आई। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद पुलिस और कोर्ट स्टाफ पीछे हट गए।
स्थानीय लोगों ने चादर की मदद से किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। इसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रह चुकी है शबाना
शबाना निशा का राजनीतिक जुड़ाव भी रहा है। वह पिछले दुर्ग नगर निगम चुनाव में वार्ड क्रमांक 28 (पचरीपारा) से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद पद का चुनाव लड़ चुकी है। इस कारण यह मामला राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से संवेदनशील हो गया है।
40–45 वर्षों से उसी मकान में रह रहा था परिवार
परिजनों ने बताया कि शबाना और उसका परिवार पिछले 40 से 45 वर्षों से उसी मकान में किराए पर रह रहा था। बीते 4–5 महीनों से लगातार मकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी मानसिक तनाव के बीच यह घटना हुई।
पुलिस का बयान: हालत स्थिर, बयान बाद में लिया जाएगा
मामले पर एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि महिला के आत्मदाह प्रयास की सूचना मिली थी। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
रायपुर पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है और हालत में सुधार होने पर पीड़िता का मृत्युकालिक कथन दर्ज किया जाएगा।
जांच जारी, हर पहलू की पड़ताल में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आत्मदाह के प्रयास के पीछे के कारणों, मकान विवाद और प्रशासनिक कार्रवाई की भूमिका को लेकर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।