इंस्टाग्राम रील को लेकर पति से विवाद, महिला ने की आत्महत्या, बच्चों के ट्यूशन जाने के बाद उठाया खौफनाक कदम...

दुर्ग/ छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद महिला ने आत्महत्या कर ली। यह मामला छावनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

मृतका की पहचान और पारिवारिक स्थिति

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अंजली साव (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भिलाई क्षेत्र की रहने वाली थी। अंजली सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहती थी और नियमित रूप से रील बनाती थी। परिजनों और पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला की यह सोशल मीडिया गतिविधि उसके पति को पसंद नहीं थी, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद होता रहता था।

बच्चों के ट्यूशन जाने के बाद उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को जब घर में बच्चे ट्यूशन के लिए बाहर गए हुए थे, उसी दौरान अंजली ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और पारिवारिक सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।

सोशल मीडिया और घरेलू तनाव बना वजह?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच इंस्टाग्राम रील और सोशल मीडिया को लेकर लगातार तनाव बना हुआ था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के सभी कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

जिले में बढ़ते आत्महत्या के मामले चिंता का विषय

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में दुर्ग जिले में आत्महत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले भी निजी संबंधों, पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते लोगों द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के मामले सामने आ चुके हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *