रात को नए बेडशीट पर सो गया शख्स, सुबह पूरा शरीर पड़ गया नीला, भाग कर गया अस्पताल, तो सामने आई ये सच्चाई!

कई बार रोजमर्रा की छोटी-सी गलती भी ऐसी स्थिति पैदा कर देती है कि इंसान खुद भी चौंक जाता है. कुछ ऐसा ही हुआ 42 साल के टॉमी लिंच के साथ. वह एक सुबह उठे तो उन्होंने देखा कि उनका पूरा शरीर सिर से पैर तक नीले रंग का हो चुका है. यह देखकर वह खुद भी घबरा गए और उनके दोस्त ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया.

लेकिन जब असली वजह सामने आई तो डॉक्टर भी हंसने लगे. दरअसल टॉमी को उनके दोस्त ने नेवी ब्लू रंग की नई बेडशीट्स गिफ्ट की थीं. ये किंग-साइज चादरें करीब 40 पाउंड (लगभग 5 हजार रुपये के करीब थी). टॉमी ने बिना धोए ही उन चादरों को बिस्तर पर बिछा लिया और उनमें सोने लगे.

लगातार दो रात तक उन्हीं चादरों में सोने के बाद जब वह तीसरे दिन दोपहर में उठे तो उनका पूरा शरीर चमकीले नीले रंग का दिखाई दे रहा था. उन्हें खुद समझ नहीं आया कि ऐसा कैसे हो गया. वह बहुत ज्यादा थकान भी महसूस कर रहे थे. जब उनके दोस्त ने उन्हें इस हालत में देखा तो वह घबरा गया और तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने का फैसला किया.

अस्पताल में डॉक्टर भी हो गए हैरान

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने टॉमी को तुरंत बेड पर लिटा दिया और उन्हें ऑक्सीजन पर रख दिया. डॉक्टरों को लगा कि शायद उनके शरीर में ऑक्सीजन की कमी हो गई है या कोई गंभीर बीमारी हो सकती है. लेकिन असली राज तब खुला जब एक डॉक्टर ने उनके हाथ पर अल्कोहल वाला वाइप लगाया. जैसे ही डॉक्टर ने हाथ साफ किया, वह वाइप नीला हो गया. तभी टॉमी को समझ आया कि असल में यह रंग उनकी नई चादरों का था जो उनकी त्वचा पर लग गया था.

डॉक्टरों के लिए भी बन गया मजेदार किस्सा

जब यह सच सामने आया तो अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ भी हंस पड़े. टॉमी ने भी माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें पता ही नहीं था कि नई चादरों को इस्तेमाल करने से पहले धोना चाहिए. द मिरर के अनुसार, उन्होंने बताया कि अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद लोग उन्हें ऐसे देख रहे थे जैसे किसी भूत को देख लिया हो.

वह खुद भी काफी शर्मिंदा महसूस कर रहे थे. टॉमी ने बताया कि घर लौटने के बाद भी उनके शरीर से नीला रंग तुरंत नहीं गया. उन्हें कई दिनों तक बार-बार नहाना पड़ा और करीब एक हफ्ते बाद जाकर वह रंग पूरी तरह साफ हुआ. इस पूरी घटना के बाद टॉमी को अच्छी तरह समझ आ गया कि नई चादरों को इस्तेमाल करने से पहले धोना कितना जरूरी है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *