
इनारसुइट (ग्रीनलैंड) | उत्तरी ध्रुवीय क्षेत्र में बसा एक छोटा सा गांव इनारसुइट इन दिनों एक विशाल आइसबर्ग की वजह से जबरदस्त खतरे की जद में आ गया है। यह आइसबर्ग इतना बड़ा है कि उसे देखकर लोग हॉलीवुड फिल्म ‘टाइटैनिक’ की तबाही को याद कर रहे हैं। बर्फ का यह विशाल टुकड़ा गांव के बेहद करीब तट पर ठहर गया है और इसके कारण भयंकर लहरें उठने की आशंका जताई जा रही है।
गांव के तट पर पहुंचा विशाल हिमखंड, प्रशासन अलर्ट
इनारसुइट ग्रीनलैंड के पश्चिमी तट पर स्थित एक द्वीपीय बस्ती है, जहां की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से मछली पकड़ने पर आधारित है। बीते सप्ताह से गांव के तट पर खड़ा यह आइसबर्ग स्थिर बना हुआ है, जिसने स्थानीय प्रशासन और वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ा दी है।
प्रशासन ने चेतावनी जारी की है कि अगर यह आइसबर्ग टूटकर समुद्र में गिरा, तो उसकी वजह से उठने वाली लहरें तटीय बस्तियों को बहा सकती हैं।

लोगों को दी गई सतर्कता की सलाह
-
समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
-
समूह में बाहर न निकलने की हिदायत
-
दुकानों और मछली फैक्ट्री को किया गया बंद
आपातकालीन सेवाओं ने खासतौर पर बुजुर्गों और कमज़ोर लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
हिमखंड की स्थिरता बनी चिंता का कारण
स्थानीय कर्मचारी डेनिस लेहटोनन ने बताया कि यह हिमखंड पिछले एक हफ्ते से वहीं पर अटका हुआ है, जबकि आमतौर पर ऐसे आइसबर्ग कुछ दिनों में आगे बढ़ जाते हैं। यही स्थिरता इसे और अधिक खतरनाक बना रही है।
डर और उत्साह दोनों का माहौल
जहां कुछ लोग इस प्राकृतिक घटना से डरे हुए और चिंतित हैं, वहीं कई लोग इसे रोमांचकारी अनुभव भी मान रहे हैं। डेनिस ने बताया कि, “कुछ लोग उत्साहित हैं कि इतनी बड़ी प्राकृतिक संरचना को इतनी नज़दीक से देख पा रहे हैं, पर डर का माहौल भी साफ झलकता है।”
2018 में भी आया था ऐसा ही एक हिमखंड
यह पहला मौका नहीं है जब इनारसुइट को ऐसे खतरे का सामना करना पड़ा हो। 2018 में भी करीब 11 टन वजनी आइसबर्ग इसी तट पर बहकर आ गया था। तब लोगों को ऊंचे स्थानों पर शिफ्ट किया गया था और तेज हवाओं की मदद से तबाही टल गई थी।
इस बार भी उम्मीद की जा रही है कि प्रकृति की ताकत इसे दूसरी दिशा में धकेल देगी, लेकिन जब तक ऐसा नहीं होता, गांव को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
