दुनियाभर में कई ऐसे पति-पत्नी हैं, जिनके बीच उम्र का फासला बहुत अधिक है. कुछ लोग इन एज गैप को नहीं मिटा पाते और एक-दूसरे से चीटिंग करते हैं, तो कई लोग उम्र के इस फासले को भूलकर हंसी-खुशी के साथ रोमांटिक लाइफ जीते हैं. ऐसे लोग साबित कर देते हैं कि प्यार के लिए उम्र बस एक ‘नंबर’ है, बाकी कुछ नहीं. हालांकि, इसके बावजूद ऐसे लोगों को ताने सुनने पड़ जाते हैं.
महिला को जहां लालची करार दिया जाता है, तो कमउम्र की पार्टनर के साथ दिखने वाले अधेड़ पुरुषों को शुगर डैडी का टैग दे देते हैं. आज हम आपको न्यूयॉर्क के एक ऐसे ही कपल के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसमें एक 34 साल की महिला अपने बूढ़े पार्टनर के साथ खुश है. उसके पार्टनर की उम्र 60 साल है. लेकिन महिला का कहना है कि उस अधेड़ शख्स में ही उसे अपना ‘सोलमेट’ मिला और अब वे जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं.
यह कहानी है ब्रुकलिन की रहने वाली क्रिस्टीन सांचेज और मियामी के रियल एस्टेट डेवलपर एडुआर्डो हर्नांडो की. दोनों ने अपनी रोमांटिक लाइफ के बारे में भी बताया.
34 वर्षीय क्रिस्टीन तीन साल पहले एक डेटिंग ऐप पर 60 साल के एडुआर्डो से मिली थीं. वो पहले भी अपने से बड़ी उम्र के लोगों के साथ रिलेशनशिप में रह चुकी थीं. लेकिन बाद में उन्हें कोई ढंग का पार्टनर नहीं मिला, ऐसे में वो डेटिंग की दुनिया से बोर हो गई थीं. लेकिन इसी बीच उनकी मुलाकात एडुआर्डो से हो गई.
क्रिस्टीन को डर था कि कहीं एडुआर्डो कोई ‘कैटफिश’ (नकली प्रोफाइल वाला जालसाज) न हो, इसलिए उन्होंने पहली मुलाकात से पहले फेसटाइम कॉल की जिद की. लेकिन जब वे पहली बार मिले, तो क्रिस्टीन एडुआर्डो की शख्सियत और उनके जेंटलमैन व्यवहार की कायल हो गईं.
क्रिस्टीन बताती हैं कि एडुआर्डो काफी ‘ओल्ड स्कूल’ हैं और घर में एक पुरुष की जिम्मेदारी को बखूबी समझते हैं. वे हर डिनर, ट्रिप और घर के सारे बिलों का भुगतान करते हैं. हालांकि, जब उन्होंने अपने रिश्ते को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया, तो उन्हें भद्दे कमेंट्स का सामना करना पड़ा.

लोग क्रिस्टीन को गोल्ड डिगर (पैसों की लालची) कहने लगे और एडुआर्डो पर तंज कसा कि उन्होंने अपनी बेटी की उम्र की लड़की को चुना है. क्रिस्टीन कहती हैं, ‘शुरू में यह बहुत तनावपूर्ण था, लेकिन बाद में हमें अहसास हुआ कि हम उन लोगों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं जो अपने प्यार को जाहिर करने से डरते हैं.’
क्रिस्टीन का एक आठ साल का बेटा भी है. उन्हें चिंता थी कि क्या 60 साल की उम्र के करीब का कोई व्यक्ति एक छोटे बच्चे की परवरिश में दिलचस्पी दिखा पाएगा. लेकिन एडुआर्डो ने न केवल उनकी चिंताओं के बारे में सोचा, बल्कि उन्हें लागू भी किया. क्रिस्टीन के मुताबिक, एडुआर्डो एक एथलीट रहे हैं और आज भी साइकिलिंग करते हैं, इसलिए उनकी एनर्जी किसी युवा से कम नहीं है.
दोनों के बीच बिजनेस को लेकर भी जबरदस्त तालमेल है, क्योंकि क्रिस्टीन खुद एक नेल बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट कंपनी चलाती हैं. क्रिस्टीन के लिए एडुआर्डो के साथ बिताया गया समय किसी ‘प्रिंसेस ट्रीटमेंट’ जैसा है. क्रिस्टीन कहती हैं कि एडुआर्डो की परिपक्वता और उनका इमोशनल कंट्रोल बहुत आकर्षक है.
10 महीने साथ रहने के बाद उन्होंने सगाई कर ली. क्रिस्टीन का मानना है कि उन्हें हमउम्र मर्दों में वह सुरक्षा और मानसिक जुड़ाव कभी नहीं मिला, जो उन्हें इस ‘सिल्वर फॉक्स’ (सफेद दाढ़ी वाले आकर्षक व्यक्ति) में मिला है. हालांकि, समाज और अजनबी लोग उन्हें ताने देते हैं, लेकिन क्रिस्टीन और एडुआर्डो के परिवार इस रिश्ते से काफी खुश हैं.
इस कपल का कहना है कि उनके वीडियो देखकर कई ऐसे लोग उनके पास आए हैं जो खुद उम्र के फासले वाले रिश्ते में हैं, लेकिन समाज के डर से उसे स्वीकार नहीं कर पा रहे थे. क्रिस्टीन का कहना है कि उन्होंने प्यार की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन तीन साल पहले एडुआर्डो के आने से उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई. अब वे जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं और दुनिया को यह दिखाना चाहते हैं कि सच्चा प्यार उम्र की सीमाओं को नहीं जानता.