इतिहास हमेशा से ही रहस्यों से भरा रहा है. कई बार जमीन के नीचे दबी हुई सभ्यताएं हमें हैरान कर देती हैं और उनके अवशेष हमें उस समय के समाज, परंपराओं और शक्ति संतुलन के बारे में बताते हैं. आज हम आपको एक ऐसे ही ऐतिहासिक खोज के बारे में बता रहे हैं, जो जमीन की खुदाई में सामने आया.
ग्रीस में पुरातत्वविदों (Archaeologists) की एक टीम को एक महिला का 2,700 साल पुराना कंकाल मिला है, जिसके सिर पर एक विचित्र और अजीबोगरीब उल्टा मुकुट रखा हुआ था. इतना ही नहीं, कब्र से कई और चौंकाने वाली चीजें सामने आईं, जिससे पता चलता है कि ये महिला कोई राजसी परिवार से रही होगी. यह पुरातात्विक खुदाई तब शुरू हुई, जब एक सौर पार्क (Solar Park) के निर्माण की योजना बनी. इसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने किसी भी कलाकृति को बचाने के लिए पूरी तरह से जांच और खुदाई शुरू करने का निर्देश दिया.
पुरातत्वविदों के निष्कर्षों से पता चला कि इस जगह पर मौजूद अन्य कब्रें पुरातन युग की हैं, जो मोटे तौर पर ईसा पूर्व 700 के आसपास की हैं. उन्हें जो कंकाल मिला है, उसे ‘उल्टे राजसी मुकुट के साथ दफन महिला’ (Burial of the Lady with the Inverted Diadem) नाम दिया गया है, जो 20 से 30 वर्ष की आयु के बीच की थी.
ग्रीक संस्कृति मंत्रालय और ग्रीस के पुरातत्वविदों ने एक साथ मिलकर इस जगह की खुदाई की थी, जिसका उद्देश्य न केवल कलाकृतियों के पीछे के अर्थ को उजागर करना था, बल्कि उन्हें भविष्य की पीढ़ियों के लिए संरक्षित करना भी था. टीम के एक प्रवक्ता ने इस खोज के बारे में बताते हुए कहा, “उसके सिर पर उसकी श्रेष्ठता और पद की निशानी के रूप में एक प्रभावशाली कांस्य से बना पट्टादार राजसी मुकुट औपचारिक रूप से रखा गया था. मुकुट के केंद्र में माथे पर एक बड़ी ‘सूर्य के रूप में’ बनी हुई आकृति थी.”
प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस मुकुट पर शाही शक्ति और अधिकार का प्रतीक माने जाने वाले सामने की ओर मुख किए हुए शेर और शेरनी के जोड़े का अलंकरण है. संक्षेप में कहें तो, मुकुट में ईसा पूर्व 7वीं शताब्दी की शक्ति और अधिकार के प्रतीक चिन्ह मौजूद हैं, लेकिन इसे उसके सिर पर उल्टा रखा गया था, जिसने इस खोज में एक रहस्यमय मोड़ दे दिया है.
पुरातत्वविदों ने अनुमान लगाया है कि मुकुट का उल्टा रखा जाना किसी शासक के पतन का प्रतीक हो सकता है. इसका अर्थ है कि महिला ने ईसा पूर्व 7वीं शताब्दी के अशांत समय के दौरान अपनी सत्ता की स्थिति खो दी होगी. दफनाई गई महिला के आस-पास के क्षेत्र में कई विलासितापूर्ण वस्तुएं मिली हैं. इनमें तांबे की बालियां, हड्डी और हाथी दांत के मनके, ताबीज और कांस्य की कई भेंटें शामिल हैं.
पुरातत्वविदों ने अनुमान लगाया कि महिला को दफनाने की स्थिति और तरीका ईसा पूर्व 7वीं शताब्दी के मध्य की बदलती सामाजिक स्थितियों को दर्शाता है. उस समय वंशानुगत राजतंत्र की लोकप्रियता कम हो रही थी और कुलीन अभिजात वर्ग (Elites) चलन में आ रहा था. उसके पास रखी गई वस्तुओं से संकेत मिलता है कि उसका सामाजिक दर्जा बहुत ऊंचा था.
प्रवक्ता ने बताया, “कब्रों के इसी समूह में लगभग चार वर्ष की एक छोटी लड़की की कब्र भी मिली है, जिसके सिर पर कांस्य से बना मुकुट था.” यह कब्र भी पुरातन काल की ही है और इसमें भी कुलीन महिला के समान ही आभूषण पाए गए थे. यह तथ्य बताता है कि दोनों के बीच पारिवारिक या रिश्तेदारी का संबंध था. जिस कब्रिस्तान में यह खुदाई हुई है, वह अलग-अलग समूहों में व्यवस्थित है, जिसमें दाह संस्कार के गड्ढे और कब्रें शामिल हैं.