दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सुपेला थाना क्षेत्र के भेलवा तालाब में नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोस्तों के साथ नहाने गया था किशोर
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह (16 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरप्रीत अपने पांच दोस्तों के साथ भेलवा तालाब में नहाने गया था।
नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में लापता हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ तालाब के पास जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश अभियान शुरू कराया।
गोताखोरों ने निकाला शव
काफी देर तक चली खोजबीन के बाद गोताखोरों ने गुरप्रीत सिंह के शव को तालाब से बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना के समय मौजूद लोगों और दोस्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे के पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिल सके।