दुर्ग।अंधविश्वास और पूजा-पाठ के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 13 लाख रुपये की ठगी के मामले में दो आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 8 लाख रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जबकि सोने के कंगन लेकर फरार मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
बीमार मां को ठीक करने का झांसा देकर रची ठगी की साजिश
छावनी थाना क्षेत्र के सिंधी कॉलोनी निवासी संजय अठवानी ने 21 जनवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, करीब 15 दिन पहले उसकी दुकान पर दो युवक साइकिल देखने के बहाने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने अपना नाम राजू बताया और मोबाइल नंबर ले लिया।
इसी बातचीत में आरोपियों को पता चला कि पीड़ित की मां अक्सर बीमार रहती हैं। इस पर आरोपी ने देवी साधना और पूजा-पाठ से बीमारी ठीक करने का दावा किया।
नारियल और ₹1100 से शुरू हुआ ठगी का खेल
आरोपियों ने पूजा के खर्च के नाम पर पहले एक नारियल और ₹1100 की मांग की, जो पीड़ित ने 16 जनवरी को दे दिए। इसके बाद उन्होंने कहा कि विधिवत पूजा कराने के लिए मां के पहने हुए सोने के कंगन और चार लाख रुपये घर के मंदिर में रखने होंगे।
पूजा के नाम पर 8 लाख नकद और सोने के कंगन ले उड़े ठग
आरोपियों ने कुछ देर बाद पीड़ित को पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास बुलाया और कहा कि पूजा की प्रक्रिया के तहत 8 लाख रुपये नकद और सोने के कंगन उन्हें सौंप दिए जाएं।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने शाम को घर आकर पूजा कराने का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में उनका मोबाइल बंद आने लगा, जिससे उसे ठगी का अहसास हुआ।
CCTV फुटेज से मिला सुराग, रायपुर में दबिश
शिकायत मिलने के बाद छावनी पुलिस ने मामला दर्ज कर रेलवे स्टेशन और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में एक महिला समेत तीन आरोपी ऑटो रिक्शा से रायपुर की ओर जाते हुए नजर आए।
इसी आधार पर पुलिस टीम ने रायपुर के सरोना इलाके में दबिश दी और चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) निवासी बाबूलाल तथा एक बुजुर्ग महिला को हिरासत में लिया।
8 लाख नकद बरामद, मुख्य आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के 8 लाख रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामले का मुख्य आरोपी शंकर, जो करीब 5 लाख रुपये कीमत के सोने के कंगन लेकर फरार है, उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस की अपील: अंधविश्वास से बचें, ठगों से सतर्क रहें
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अंधविश्वास और झांसे में आकर किसी को नकद या आभूषण न सौंपें। इस तरह के मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें।