सिवान :मंडप में शादी से थोड़ी देर पहले दूल्हे ने दहेज में बाइक और 30 हजार रुपये की मांग कर दी। लड़की के पिता ने फरमाइश पूरी करने में जब असमर्थता जताई तो मामला ही बिगड़ गया। लड़के की जिद देखकर पंडित भी हक्के-बक्के रह गए।

कुछ ही देर में दोनों पक्ष में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लड़की के मामा का सिर फट गया। वहीं मारपीट में दूल्हे पक्ष के कुछ लोग घायल हो गए। कुछ घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में व कुछ का चैनपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में  कराया गया।

इसके बाद लड़का मारपीट कर मंडल छोड़ भाग गया। दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन के ही बारात लौटा ले गए। चैनपुर ओपी क्षेत्र के नयागांव में गुरुवार को हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष से चार-चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। 

घटना के संबंध में लड़की के पिता राजेश सोनी ने बताया गया है कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी महाराजगंज थाने के बलिया पोखरा गांव निवासी शत्रुघ्न सोनी के पुत्र किशन सोनी से तय की थी। गुरुवार को मेंहदार मंदिर में शादी होनी थी।

दुल्हन पक्ष के लोग काफी देर तक इंतजार किए। इसके बाद दूल्हे पक्ष के लोग मंदिर पहुंचे। जैसे ही शादी की रस्म शुरू हुई दूल्हे व उसकी मां सुभावती देवी, भाई कन्हैया सोनी, सुदामा सोनी, मुरारी सोनी ने दहेज में बाइक नहीं देने एवं सामान कम देने को लेकर विवाद खड़ा कर दिया।

इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इस दौरान दुल्हन के मामा कृष्णा सोनी, पिता राजेश सोनी सहित चार लोग घायल हो गए। बताया गया कि मारपीट के दौरान दूल्हे पक्ष के एक महिला समेत दो लोग घायल हुए हैं।

मारपीट की सूचना मिलने के बाद चैनपुर ओपी पुलिस मौके पर पहुंचे और  दूल्हे व दुल्हन पक्ष के करीब चार पांच लोगों को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन में जुट गए।  

लड़के पक्ष ने दहेज मांगने के आरोप को बताया गलत

मामले में लड़के पक्ष ने दहेज मांगने के बात को गलत बताया है। दूल्हे के पिता शत्रुघ्न सोनी ने बताया कि मेरे तरफ से किसी प्रकार का कोई दहेज नहीं मांगा गया है।  21 अप्रैल को मेरे पुत्र किशन सोनी की बरात करीब तीन बजे मेंहदार पहुंची।

हम लोगों द्वारा बरात लेकर पहुंचने में कुछ देर हो गई इसको लेकर शराब के नशे में धुत दुल्हन के पिता हम लोग के साथ गाली गलौज करने लगे तथा मारपीट पर उतारू हो गए। हम लोगों ने इसका विरोध किया तो मेरे छोटे पुत्र एवं पत्नी सुभावति देवी को एक कमरे में बंद कर पिटाई कर घायल कर दिए।

बताया कि शादी में कन्या निरीक्षण के लिए लाए करीब 60 हजार रुपये के आभूषण व सामान लड़की पक्ष के लोग मारपीट के दौरान लेकर चले गए। मैं लड़की को रखने के लिए तैयार हूं।

लड़के के पिता ने बताया कि यदि लड़की को किसी प्रकार का कोई दिक्कत होती है तो इसकी पूरी-पूरी जिम्मेदारी मेरी होगी। यह बात प्रशासन को लिखकर देने के लिए तैयार हूं।

जांच की जा रही है, दोषी के खिलाफ होगी कार्रवाई

चैनपुर ओपी प्रभारी अभिनंदन यादव ने बताया कि शादी के दौरान मारपीट की जानकारी होने पर पुलिस बल को भेजा गया। दोनों पक्ष को थाना लाकर पूछताछ की गई। दोनों पक्ष पंचायत स्तर पर समझौता करने की बात कह रहे थे,

इसलिए पूछताछ कर दोनों पक्ष को घर भेजे दिया गया। वहीं बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने बताया कि मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी मिली है। अगर दहेज को लेकर इस तरह का कोई विवाद हुआ है तो जांच कर दहेज मांगने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। 

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *