रायपुर। राजधानी रायपुर में एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। महिला ने पति को उस समय मौत के घाट उतारा जब वह सो रहा था। उरला थाना पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उरला एकता चौक निवासी उमेश धुर्वे की पत्नी इंगेश्वरी धुर्वे ने हत्या की है। पति और पत्नी दोनों बेस्ट प्राइस में काम करते थे। सोमवार को भी वहां उनके बीच विवाद हुआ। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने विवाद को शांत कराया और दोनों घर आ गए। घर आने के बाद विवाद फिर बढ़ गया और पति ने पत्नी को मारा भी। इसके बाद मकान मालिक ने आकर दोनों को समझाइश दी। जिसके बाद लड़ाई शांत हुई। हालांकि बाद में सोते वक्त महिला ने घर में रखे पत्थर से पति के सिर में मार कर हत्या कर दी।
मंगलवार की सुबह जब देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पास के रहने वाले अन्य लोगों ने दरवाजा खटखटाया। महिला ने दरवाजा नहीं खोला तो शक होने पर पड़ोसियों ने खिड़की से देखा तो महिला पति को पानी पिला रही थी। इसके बाद लोगों ने महिला से जैसे-तैसे गेट खुलवाया तो महिला ने बताया कि उसके पति खुद के सिर में पत्थर पटक लिए हैं और उनकी मौत हो गई है। इसकी जानकारी उरला थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस और एफएसएल की टीम पहुंची पुलिस को भी महिला ने गुमराह किया। महिला ने बताया कि लड़ाई के बाद उसके पति ने खुद ही अपने सिर में पत्थर पटक कर जान दे दी। घटना और चोट को देखते हुए, पुलिस ने महिला से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि लड़ाई के बाद उसने सोते वक्त हत्या कर दी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *