भिलाई [न्यूज़ टी 20] कांग्रेस शुक्रवार को अपने प्रदर्शन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह जगाने की कवायद कर रही है। गांधी परिवार को विचारधारा से जोड़कर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का मोदी सरकार पर तीखा हमला करना। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी का महंगाई,

बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन में लड़ाकू अंदाज और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी सांसदों के साथ संसद परिसर में नारे लगाना इसी कवायद का हिस्सा है। काले कपड़े और काले पट्टे के साथ पूरा गांधी परिवार शुक्रवार को सड़क पर था।

तो पार्टी नेताओं के साथ कार्यकर्ता भी उत्साहित और जुझारू तेवर में नजर आ रहे थे। सोनिया गांधी और राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के बाद एकजुट हुई पार्टी अब सड़क पर मुद्दों के साथ पार्टी में नई जान फूंकने की कवायद कर रही है।

शुक्रवार के प्रदर्शन के लिए कांग्रेस मुख्यालय पर टेंट कनात लगाकर व्यापक तैयारी की गई थी। बाहर पुलिस का पहरा था, इसलिए अंदर ही कार्यकर्ताओं को रोकने का इंतजाम किया गया था। पार्टी ने अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि लंबी लड़ाई लड़नी है।

हालांकि, यह कितना स्थायी होगा, यह कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर ही निर्भर करेगा। एक नेता ने कहा कि काफी समय बाद एक माहौल बनाने में पार्टी कामयाब हो रही है। इसे निरंतरता से आगे बढ़ाने की जरूरत है। खासतौर पर पार्टी भारत जोड़ो यात्रा तक इस मुहिम को अगर आगे बढ़ा पाती है तो यात्रा में बड़े पैमाने पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने में सफलता मिल सकती है।

बीजेपी ने राम मंदिर से जोड़ा

हालांकि, भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन को राम मंदिर विरोध से जोड़ने की कोशिश की है, लेकिन पार्टी नेताओं का मानना है कि जनता के मुद्दों पर सरकार विरोधी माहौल न बनने पाए। इसकी वजह से भाजपा एक बार फिर से ध्रुवीकरण को काट के तौर पर लेकर आई। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा

कि हम जनता के मुद्दे उठा रहे हैं। भाजपा डर की वजह से बेवजह के सवाल उठाती है। लेकिन, महंगाई से त्रस्त जनता खुद सड़क पर उतरने को तैयार है। पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि हम जनता के मुद्दे को ज्यादा जोरदार तरीके से उठाएं।

प्रियंका ने बनाया लड़ाकू माहौल

वैसे कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से बारिश में भी उत्साह में नजर आ रहे थे, लेकिन प्रियंका के अंदाज से माहौल बन गया। प्रियंका गांधी जब बैरिकेडिंग फांदकर आगे बढ़ीं तो ‘प्रियंका तुम संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारों से दिल्ली का लुटियंस जोन गूंज रहा था।

कांग्रेस महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार का विरोध कर रही थी। विरोध में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मगर जब बात पीएम आवास के घेराव की हुई तो मोर्चें में सबसे आक्रामक अंदाज में नजर आईं प्रियंका गांधी। कांग्रेस का मुखर विरोध सत्ता पक्ष को कितना परेशान कर पाया कहना मुश्किल है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं में यह प्रदर्शन थोड़ी जान जरूर फूंक गया।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *