भिलाई [न्यूज़ टी 20] रायपुर । खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में भाजपा की हार के बाद अचानक राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई हैं। छत्तीसगढ़ में आज चार केंद्रीय मंत्रियों का अलग-अलग दौरा शुरू हो रहा है। इसमें केंद्रीय उड्‌डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया,

एमएसएमआई राज्य मंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा, वन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे और संचार राज्य मंत्री देवसिंह चौहान शामिल हैं। यह दौरा आकांक्षी जिलों में हो रहे कामकाज की समीक्षा के लिए हो रहा है हालांकि इसमें भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने की भी कोशिश होनी है।

तय कार्यक्रम के मुताबिक केंद्रीय नागरिक उड्‌डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज रात 9 बजे रायपुर पहुंचेंगे। वहां से उन्हें सीधे राजनांदगांव सर्किट हाउस जाना है। कल सुबह जिला प्रशासन के साथ उनकी समीक्षा बैठक है। वे किसी गांव में फील्ड विजिट पर भी जाएंगे।

वहां से लौटने के बाद वे राजनांदगांव जिला पंचायत सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। गैर सरकारी संगठनों और भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बैठक भी होगी। कल देर शाम वे रायपुर लौटेंगे। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा भी आज रायपुर पहुंच रहे हैं।

वे यहां राज्य अतिथि गृह में रुकेंगे। वहां से खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग जाकर विभागीय योजनाओं की समीक्षा करेंगे। केंद्रीय मंत्री वहां से भाजपा कार्यालय जाकर पदाधिकारियों से मुलाकात और चर्चा करने वाले हैं। वहीं से उनका काफिला कांकेर के लिए रवाना होगा।

वहां वे भाजपा के जिला कार्यालय में सामाजिक समरसता पखवाड़ा कार्यक्रम में शामिल होंगे। रात को वे कांकेर सर्किट हाउस में रुकने वाले हैं। मंगलवार को कुलगांव में फील्ड विजिट पर जाएंगे। वहां से कांकेर आकर अफसरों के साथ समीक्षा बैठक और प्रेस वार्ता करेंगे।

फिर वे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवसिंह चौहान आज दोपहर 2 बजे के करीब रायपुर पहुंचने वाले हैं। यहां से वे विमान से जगदलपुर जाएंगे। वहां शाम को पूर्व बस्तर रियासत के राजा और भाजपा नेता कमलचंद भंजदेव के साथ उनकी बैठक होनी है।

वहां से वे सड़क मार्ग से दंतेवाड़ा जाएंगे। कल सुबह 10 बजे से आकांक्षी जिले की समीक्षा बैठक होगी फिर भाजपा पदाधिकारियों और उसके बाद स्थानीय विशेष लोगों के साथ बैठक होनी है। वहां से मंत्री स्थल निरीक्षण करने भी जाएंगे। दोपहर में मां दंतेश्वरी पर विशेष आवरण और दंतेवाड़ा पर पोस्टकार्ड सीरीज का अनावरण होगा

और पत्रकार वार्ता होगी जिसकी आयोजक भाजपा है। संचार मंत्री रात को फिर अधिकारियों के साथ बैठक कर बुधवार सुबह रायपुर पहुंचेंगे। यहां डाक और बीएसएनएल के अधिकारियों के साथ लंच, होटल मेरियट में बैठक के बाद मंत्री दिल्ली चले जाएंगे।

केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे आज शाम 5 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां से कोरबा जाकर सीएसईबी रेस्टहाउस में रुकेंगे। कल जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। उसके बाद वे प्रेस प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे।

केंद्रीय मंत्री कुछ गांवों में स्थल निरीक्षण के लिए भी जाएंगे। वहां भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं व नेताओं से चर्चा बाद दोपहर में वे अमरकंटक स्थित केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कोरबा लौटेंगे।

बुधवार सुबह वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, एसईसीएल के अधिकारियों के साथ खनन क्षेत्र में वनीकरण के कार्य की समीक्षा करेंगे। दोपहर तक वे रायपुर पहुंचकर रायपुर में जंगल सफारी का निरीक्षण करने वाले हैं। यहीं पर वे राज्य सरकार के वन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक के बाद चौबे भी दिल्ली रवाना हो जाएँगे।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *