रफीगंज। औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की देर शाम जहरीला पदार्थ खाने से तीन बच्चियों की मौत हो गई। इनके अलावा तीन अन्य बीमार हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है। बताया जाता है कि प्रेम-प्रसंग के विवाद के बाद यह घटना घटी है। एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि मरने वालों में दो लड़कियों की उम्र 14 साल, जबकि एक की उम्र 15 साल है। तीनों अलग-अलग परिवार की हैं। इस घटना में 12 वर्ष, 13 वर्ष और 15 वर्ष की तीन लड़कियां बीमार हैं। इनमें एक मरने वाली लड़की की सगी बहन है। 

एसपी ने बताया कि एक नाबालिग लड़की अपने भाई के साला से प्रेम करती थी। लड़के ने शादी से इंकार किया तो उसने अपनी पांच अन्य सहेलियों के साथ जहर खा लिया। घटना की सूचना पर सीओ अवधेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष राजगृह प्रसाद, मुखिया प्रतिनिधि अनुज कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे एवं स्थिति का जायजा लिया। बताया जाता है कि एक साथ सभी ने जहरीला पदार्थ खाया है।

एसपी ने बताया कि सीओ एवं थानाध्यक्ष के सामने ग्रामीणों ने जो बयान दिया है उसकी जांच की जा रही है। सभी ने स्वेच्छा से जहर खाया या खिलाया गया है, इसकी जांच की जा रही है। जिस लड़के के कारण यह घटना हुई पुलिस उसे खोज रही है। गांव में एक साथ तीन लड़कियों की मौत से कोहराम मचा गया है। सीओ के साथ पुलिस अधिकारी कैंप किए हुए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सभी छह बच्चियां एक साथ नहर पर शौच करने गई थीं। वहीं जहर खा लिया है, जिस कारण तीन की मौत हो गई है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *